अलीगढ़ में भीषण सड़क हादसा: वृंदावन से लौट रहे श्रद्धालुओं की कारें टकराईं, एक की मौत
अलीगढ़ के इगलास में अलीगढ़ मार्ग पर मंगलवार की रात्रि को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में एक मैक्स पिकअप, एक फॉर्च्यूनर और एक सुनेट कार आपस में टकरा गईं। हादसे में मैक्स पिकअप सवार एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
गांव टीकापुर निवासी योगेश पुत्र सोहनलाल मैक्स पिकअप से चालक गिरीश पुत्र किशनलाल के साथ रात्रि को कस्बा में किसी कार्य से आ रहे थे। रास्ते में अलीगढ़ मार्ग पर कस्बा के निकट सामने से आ रही फॉर्च्यूनर से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे चल रही सुनेट गाड़ी भी फॉर्च्यूनर से टकरा गई। हादसे में मैक्स अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में पलट गई।
सूचना पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। गंभीर रूप से घायल योगेश और गिरीश को उपचार हेतु अलीगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने योगेश को मृत घोषित कर दिया। गिरीश का उपचार चल रहा है। वहीं सुनेट और फॉर्च्यूनर में बैठे लोग, जो वृंदावन से दर्शन कर के लौट रहे थे, उन्हें हल्की-फुल्की चोटें आईं।
इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव ने बताया कि मैक्स पिकअप के ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रार्थना पत्र मिलने पर प्राथमिकी पंजीकृत की जाएगी।
