दिल्ली में ‘जहरीली हवा’ का कहर: 228 उड़ानें रद्द, स्कूल बंद; एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा
दिल्ली में प्रदूषण का संकट गहराता जा रहा है। सोमवार की सुबह राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 498 तक पहुंच गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। शाम तक भी यह 427 पर बना रहा। जहरीली धुंध की मोटी परत ने पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है।
इस खतरनाक धुंध का सबसे बड़ा असर हवाई यातायात पर पड़ा है। कम दृश्यता के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से कम से कम 228 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिनमें 131 प्रस्थान और 97 आगमन शामिल थे। इसके अलावा, पांच उड़ानों को डायवर्ट डायवर्ट भी किया गया। एयरपोर्ट पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और अफरातफरी का माहौल रहा।
प्रसिद्ध इतिहासकार विलियम डेलरिम्पलरिम्पल के बेटे सैम डेलरिम्पल ने एयरपोर्ट पर अपने 12 घंटे के अनुभव को साझा करते हुए एयर इंडिया पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया की सेवाएं ‘पूरी तरह से अस्त-व्यस्त’ थीं। सैम ने बताया कि उनकी सुबह 6 बजे की हैदराबाद की उड़ान (AI 2513) को 12 घंटे तक एक-एक घंटे करके टाला गया और अंत में रद्द कर दिया गया। उन्होंने शिकायत की कि यात्रियों को यह जानकारी देने के लिए कोई स्टाफ मौजूद नहीं था कि उड़ान रद्द हो चुकी है।
एयर इंडिया ने मंगलवार सुबह भी घने कोहरे की आशंका को देखते हुए कुछ उड़ानों को रद्द करने की घोषणा की है। एयरलाइन ने यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए ‘फॉग केयर प्रोग्राम’ शुरू किया है, जिसके तहत प्रभावित यात्रियों को मुफ्त पुनर्निर्धारित बुकिंग या पूर्ण रिफंड का विकल्प दिया जा रहा है। इस बीच, दिल्ली सरकार ने भी बिगड़ते प्रदूषण को देखते हुए नर्सरी से कक्षा 5 तक के छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाओं को अनिवार्य कर दिया है।
