बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल: रिटायरमेंट से पहले 190 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर, मिली मनचाही पोस्टिंग
बिहार पुलिस विभाग में सेवानिवृत्ति की निकटता को ध्यान में रखते हुए 190 पुलिसकर्मियों का ऐच्छिक स्थानांतरण किया गया है। यह निर्णय पुलिस मुख्यालय के स्तर पर गठित स्थानांतरण समिति द्वारा लिया गया। इन स्थानांतरित कर्मियों में सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर तक के अधिकारी शामिल हैं।
सरकारी नियमों के तहत, एक वर्ष के अंदर सेवानिवृत्त होने वाले पदाधिकारियों व कर्मियों को स्वैच्छिक स्थान पर पदस्थापन का नियम है। वहीं, दो वर्ष या उससे कम की सेवानिवृत्ति की अवधि वाले पदाधिकारियों व कर्मियों को गृह जिले में पदस्थापन करने पर विचार किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि सिर्फ ऐच्छिक या गृह जिलों के आवेदनों पर ही विचार किया गया है। जिन कर्मियों ने सिर्फ इकाई में पदस्थापन का अनुरोध किया था, उनके आवेदन अस्वीकृत किए गए हैं। सभी संबंधित कार्यालयों को विरमित करने से पहले सेवा अभिलेख की जांच करने को कहा गया है।
