सीमांचल में सुरक्षा का घेरा मजबूत, पूर्णिया में खुलेगा ATS सेंटर; 40 जवान होंगे तैनात
नेपाल की खुली सीमा और बांग्लादेश तथा बंगाल की सीमा से सटे होने के कारण पूर्णिया को सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता रहा है। इसी संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य पुलिस मुख्यालय ने पूर्णिया में आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) का सेंटर खोलने को हरी झंडी दे दी है। इस कदम से सीमांचल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।
राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एटीएस सेंटर के लिए भवन और जमीन की खोज का काम शुरू हो चुका है। शुरुआती दौर में किसी मौजूदा भवन में सेंटर शुरू किया जाएगा, जिसके बाद इसके लिए नया भवन बनाया जाएगा। मुख्यालय ने वर्ष 2026 के पहले तीन महीनों में इस सेंटर को हर हाल में शुरू करने का निर्देश दिया है।
इस एटीएस सेंटर में 40 विशेष प्रशिक्षित जवानों की तैनाती की जाएगी। ये जवान राज्य पुलिस बल के विशेष प्रशिक्षित सदस्य होते हैं, जिन्हें आतंकवाद के खिलाफ लड़ने का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त होता है। ये जवान किसी भी तरह के आतंकवादी हमले से निपटने में सक्षम होते हैं। 40 जवानों के अलावा, एक डीएसपी, दो इंस्पेक्टर और एक तकनीकी टीम भी पूर्णिया में तैनात की जाएगी।
एटीएस के जवान राष्ट्रीय स्तर की खुफिया एजेंसियों जैसे RAW और IB के साथ मिलकर काम करेंगे। पूर्णिया में सेंटर खुलने के बाद सीमांचल के किसी भी जिले में आतंकवादी घटना की सूचना मिलने पर एटीएस की टीम एक घंटे के अंदर मौके पर पहुंच सकती है। हाल के महीनों में पूर्णिया में एयरपोर्ट और गैस रिफिलिंग प्लांट खुलने के कारण भी एटीएस सेंटर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
