मुजफ्फरनगर धर्म संसद में गूंजी हिंदू राष्ट्र की मांग, 12 प्रस्तावों पर लगी मुहर
मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ हनुमतधाम में हिन्दू संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित सनातन धर्म संसद में 12 प्रस्ताव पारित किए गए। इन प्रस्तावों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा जाएगा। धर्म संसद में साधु-संतों, हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर इन प्रस्तावों को पास किया।
सनातन धर्म संसद में भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने की मांग प्रमुखता से उठी। इसके अलावा, गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने, सनातन बोर्ड का गठन किए जाने, सामाजिक एकता एवं समरसता को बढ़ावा देने, जाति विभेद को समाप्त करने, जनसंख्या नियंत्रण एवं समान नागरिक संहिता कानून लागू करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी।
संसद में राष्ट्र निर्माण में संत समाज की भूमिका, मुस्लिम आक्रांताओं द्वारा मिटाए गए मंदिरों को पुन:वापस करने के लिए कानून बनाने, सनातन धर्म के योद्धाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर लक्ष्मी नगर करने के प्रस्ताव भी रखे गए। इन सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
