सहरसा: शादी की नीयत से नाबालिग का अपहरण, पड़ोसियों ने बाइक पर भगाया; विधवा मां की गुहार, ‘मेरी बेटी को बचा लो’
सहरसा के नगर निगम वार्ड नंबर 23 में एक नाबालिग लड़की के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने पुलिस थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी उनकी बेटी का कोई सुराग नहीं मिला है।
पीड़िता की विधवा मां ने अपने आवेदन में बताया कि पड़ोस में रहने वाले सोनू कुमार पासवान और मनोज पासवान ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर उनकी 16 वर्षीय बेटी को 04 दिसंबर की शाम करीब 04 बजे जबरन उठाकर बाइक से भगा दिया। जब उन्होंने विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें हथियार दिखाकर धमकाया।
यह घटना परिवार के लिए दोहरी त्रासदी है, क्योंकि आरोपी पहले भी उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जा चुके थे। उस समय भी बैजनाथपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद आरोपियों पर कोई खास कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उनके हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने दोबारा इस वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित मां ने बताया कि आरोपी लगातार उन्हें और उनके परिवार को धमकी दे रहे हैं। उन्होंने अपनी बेटी की सकुशल बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बैजनाथपुर थाना प्रभारी ने बताया कि लड़की की मां के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
