दिल्ली में ठंड से राहत, पर सांस लेना मुश्किल! मुंडका की हवा सबसे ‘जहरीली’, AQI 300 के पार
दिल्ली में मौसम ने करवट ली है। कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है, जहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि, यह राहत भी बेमानी साबित हो रही है क्योंकि शहर की हवा अब भी ‘जहरीली’ बनी हुई है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 305 दर्ज किया गया है, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब है। मुंडका में AQI 365 के साथ सबसे अधिक प्रदूषण दर्ज किया गया। इसके अलावा, बवाना (352), रोहिणी (341) और वजीरपुर (337) जैसे इलाकों में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। ‘बहुत खराब’ श्रेणी का मतलब है कि लंबे समय तक ऐसी हवा में सांस लेने से श्वसन संबंधी बीमारियां हो सकती हैं।
प्रदूषण के कारणों की बात करें तो, आईआईटीएम-पुणे के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (DSS) के अनुसार, वाहनों से होने वाला उत्सर्जन सबसे बड़ा योगदानकर्ता है (14.8%)। इसके बाद औद्योगिक इकाइयां (7.3%) और निर्माण कार्य (2%) भी प्रदूषण बढ़ा रहे हैं। पूरे सप्ताह दिल्ली की हवा में उतार-चढ़ाव देखा गया, लेकिन यह लगातार ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रही, जिससे निवासियों के लिए सांस लेना मुश्किल हो गया है।
