दिल्ली में रफ्तार का कहर: शाहबाद डेरी में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दो दोस्तों की दर्दनाक मौत
दिल्ली के शाहबाद डेरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात बवाना रोड स्थित महादेव चौक के पास एक तेज रफ्तार वैगनआर कार ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों दोस्त किसी शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान शाहबाद डेरी निवासी यशोधन और सेक्टर 35 रोहिणी निवासी अंश कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। टक्कर के बाद दोनों को तुरंत महर्षि वाल्मीकि अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हादसे में कार में सवार छह लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शाहबाद डेरी थाना पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और कार चालक आकाश को भी इलाज के लिए आरएमएल अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके। दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया गया है।
