शादी के 12 दिन बाद ही नवविवाहिता ने की आत्महत्या, ससुरालियों पर दहेज हत्या का केस दर्ज
कोसली विश्वकर्मा कॉलोनी में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां शादी के महज 12 दिन बाद एक नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 25 वर्षीय आकांक्षा का विवाह 24 नवंबर को गौरव के साथ हुआ था। शुक्रवार रात करीब 9 बजे आकांक्षा ने कमरे में पंखे के हुक से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
मृतका की मां प्रमिला ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग कर रहे थे और उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रमिला ने बताया कि शुक्रवार शाम को उनकी आकांक्षा से फोन पर बात हुई थी, जिसमें वह काफी डरी हुई लग रही थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत के आधार पर पति गौरव, उसके भाई सौरभ, सौरभ की पत्नी प्रिया, गौरव के पिता आनंद और मां इंद्रावती सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
