बहन को दुल्हन बना देख छलके कार्तिक आर्यन के आंसू, बोले- ‘तुम हमेशा मेरी छोटी सी…’
बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन के घर इन दिनों खुशियों का माहौल है। उनकी छोटी बहन डॉ कृतिका तिवारी ने हाल ही में पायलट तेजस्वी कुमार सिंह के साथ शादी की है। यह शादी ग्वालियर के ताज उषा किरण पैलेस में हुई, जिसमें परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए। कार्तिक आर्यन ने अपनी बहन की शादी की कई खूबसूरत तस्वीरें अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की हैं।
इन तस्वीरों के साथ कार्तिक ने एक बेहद भावुक संदेश भी लिखा है। उन्होंने कहा, “कुछ दिन ऐसे होते हैं, जो आपकी दुनिया को बिल्कुल बदल देते हैं। आज वही दिन था, अपनी किकी को दुल्हन के रूप में देखकर ऐसा लगा कि मैं सालों को पल में बदलते हुए देख रहा हूं।”
कार्तिक ने अपने बचपन की यादों को साझा करते हुए लिखा, “किकी मैंने तुम्हें छोटे से बड़ा होते हुए देखा है। तुम वही हो जो बचपन में मेरे पीछे-पीछे हर जगह भागती रहती थी। उस बच्ची को मैंने खूबसूरत दुल्हन के रूप में बदलते हुए देखा है, जो पूरी खुशी और मजबूती के साथ अपनी नई जिंदगी में कदम रखने जा रही है।” तस्वीरों में कार्तिक अपनी बहन को देखकर काफी भावुक नजर आ रहे हैं, जिससे फैंस भी भावुक हो गए।
