दानापुर और फुलवारीशरीफ नगर परिषद में होगा बड़ा बदलाव: निर्वाचन आयोग ने जारी किए परिसीमन के निर्देश
राज्य निर्वाचन आयोग ने दानापुर निजामत और फुलवारीशरीफ नगर परिषद के वार्डों के पुनर्गठन/परिसीमन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह निर्णय लंबे समय से इन नगर निकायों पर क्षेत्र विस्तार के दबाव के बाद लिया गया है। आयोग के अनुसार, परिसीमन की प्रक्रिया 5 से 22 दिसंबर तक चलेगी। इसके उपरांत, 23 दिसंबर को प्रारूप सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
नागरिकों को इस प्रारूप पर दावा-आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 13 जनवरी तक का समय दिया गया है। प्राप्त आपत्तियों का निष्पादन 26 दिसंबर से 17 जनवरी तक किया जाएगा। आपत्तियों के निष्पादन के बाद, 19 से 24 जनवरी तक औपबंधिक नक्शा और चौहद्दी सहित वार्ड का प्रकाशन होगा। अंतिम अनुमोदन 27 जनवरी से 2 फरवरी के बीच प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा किया जाएगा। आयोग ने लोगों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 18003457243 और वेबसाइट www.sec.bihar.gov.in भी जारी की है।
