भाजपा में बड़े बदलाव की तैयारी! PM मोदी ने अमित शाह, नड्डा के साथ की बैठक, UP अध्यक्ष पर भी हुआ मंथन
संसद के शीतकालीन सत्र के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के संगठनात्मक चुनावों पर ध्यान केंद्रित किया है। संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष के साथ उनकी बैठक हुई। लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ ही उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर भी गहन चर्चा हुई।
दरअसल, 22 नवंबर को भी अमित शाह, जेपी नड्डा और बीएल संतोष के बीच संगठनात्मक चुनावों को लेकर लंबी बैठक हुई थी। इसके बाद एक हफ्ते के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की बात थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी की जी-20 के लिए दक्षिण अफ्रीका यात्रा और फिर रायपुर में डीजीपी कांफ्रेंस में व्यस्तता के कारण इसमें देरी हुई।
बैठक से पहले, बीएल संतोष ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर प्रदेश अध्यक्ष के संभावित नामों पर चर्चा की थी। प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी दी गई। बैठक के बाद अमित शाह, जेपी नड्डा और बीएल संतोष ने अलग से भी मंथन किया। हालांकि, यूपी प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर बनी सहमति सार्वजनिक नहीं हुई है।
माना जा रहा है कि अगले दो दिनों में लखनऊ में नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, यूपी अध्यक्ष की घोषणा के बाद ही नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की दौड़ में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी महासचिव सुनील बंसल के नाम की चर्चा है। हालांकि, प्रधानमंत्री के साथ बैठक के बाद किसी चौंकाने वाले चेहरे के आने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।
