उरई में दर्दनाक हादसा: सड़क के गड्ढे ने ली तीन दोस्तों की जान, भंडारा खाकर लौट रहे थे घर
उरई में किसानों द्वारा सड़क पर पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। मंगलवार देर रात ग्राम गधेला से भंडारा खाकर लौट रहे तीन दोस्त – भूरे (18), अंकित (16) और कृष्ण कुमार (17) – इस लापरवाही का शिकार हो गए। तेज रफ्तार बाइक सड़क के बीच बने गड्ढे में चली गई, जिससे बाइक फिसल गई। तीनों घिसटते हुए सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराए।
हादसा इतना भीषण था कि तीनों के सिर फट गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। काफी देर बाद पीछे से आ रहे ग्रामीणों ने उन्हें खून से लथपथ देखा और पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस और एंबुलेंस पहुंची, तब तक तीनों दम तोड़ चुके थे। एक ही गांव के तीन युवाओं की मौत से पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। इस घटना ने सड़क सुरक्षा और किसानों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
