बिहार की सियासत में भूचाल! विधानसभा सत्र के बीच तेजस्वी यादव अचानक दिल्ली रवाना, राहुल गांधी से मुलाकात की अटकलें तेज
नवगठित बिहार विधानसभा के प्रथम सत्र के दौरान राजद नेता तेजस्वी यादव का अचानक दिल्ली रवाना होना सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। सत्र शुरू हुए अभी दो ही दिन हुए हैं और बुधवार को विधानमंडल की संयुक्त बैठक में राज्यपाल का अभिभाषण होना है। ऐसे महत्वपूर्ण समय में तेजस्वी का दिल्ली जाना कई अटकलों को जन्म दे रहा है।
सूत्रों के हवाले से खबर है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अविलंब बुलावे पर तेजस्वी अचानक दिल्ली गए हैं। हालांकि, उनकी वापसी जल्द होने की उम्मीद है ताकि वे राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विधानसभा में उपस्थित हो सकें। यह सप्ताह भर में तेजस्वी की दूसरी दिल्ली यात्रा है। पिछली यात्रा को पारिवारिक बताया गया था, लेकिन इस बार का समय और कारण राजनीतिक रूप से काफी संवेदनशील माना जा रहा है।
तेजस्वी ने मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही समाप्त होते ही पटना एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान किया और मीडिया से दूरी बनाए रखी। उनकी इस यात्रा को लेकर राजनीतिक विश्लेषक कई मायने निकाल रहे हैं। यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब बिहार में नई सरकार बनी है और विपक्ष अपनी रणनीति को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।
