हिंदू नववर्ष 2026: इस दिन से शुरू होगा विक्रम संवत 2083, जानें शुभ तिथि और महत्व
हिंदू धर्म में चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि का विशेष महत्व है। यह तिथि न केवल हिंदू नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक है, बल्कि इसी दिन से चैत्र नवरात्र की भी शुरुआत होती है। अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार 1 जनवरी को नया साल मनाया जाता है, लेकिन सनातन धर्म में हिंदू नववर्ष चैत्र माह में आता है। साल 2026 में यह शुभ तिथि 19 मार्च को पड़ रही है, जिससे विक्रम संवत 2083 का आरंभ होगा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान ब्रह्मा ने इसी तिथि पर सृष्टि की रचना शुरू की थी। इसलिए यह दिन अत्यंत शुभ माना जाता है। इस तिथि को देश के विभिन्न हिस्सों में गुड़ी पड़वा, युगादि, चेटी चंद और नवरेह जैसे अलग-अलग नामों से जाना जाता है। यह पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाता है।
चैत्र नवरात्र के दौरान मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है, जो साधकों को सुख-समृद्धि प्रदान करती है। इस बार हिंदू नववर्ष की शुरुआत गुरुवार से हो रही है, जिसके कारण वर्ष 2083 के राजा गुरु (बृहस्पति) और मंत्री मंगल रहेंगे। ज्योतिषीय दृष्टिकोण से यह वर्ष कई राशियों के लिए शुभ फलदायी हो सकता है।
