देहरादून में बड़ा फ्रॉड: लोन मिलते ही बंद कर दी कंपनी, 17 फर्म संचालकों ने यूको बैंक को लगाया 1.22 करोड़ का चूना
देहरादून में यूको बैंक के साथ 1.22 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यह धोखाधड़ी 17 फर्म संचालकों ने मिलकर की, जिन्होंने बैंक को फर्जी दस्तावेज जमा किए और कुछ ने तो लोन पास होने के तुरंत बाद ही अपनी कंपनियां बंद कर दीं।
यूको बैंक की गढ़ी कैंट शाखा प्रबंधक अंकिता मिश्रा ने पुलिस को बताया कि आंतरिक जांच के दौरान पता चला कि आरोपितों द्वारा पेश किए गए कागजात सही नहीं थे। कई मामलों में, ऋण लेने के बाद फर्म संचालकों ने अपना व्यवसाय ही बंद कर दिया, जिससे बैंक को बड़ा नुकसान हुआ।
कैंट कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर 17 फर्म संचालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी धोखाधड़ी में बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत भी हो सकती है। आमतौर पर कोई भी ऋण पास करते समय बैंक कर्मचारी फर्म का सर्वे करते हैं और दस्तावेज सही होने पर ही ऋण जारी किया जाता है। लेकिन इस मामले में एक ही पते पर कई कार्यालय होने के बावजूद लोन जारी कर दिया गया, जो बैंक की लापरवाही या मिलीभगत की ओर इशारा करता है। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपितों की तलाश जारी है।
