चुनाव न कराने पर बार अध्यक्ष और सचिव पर गिरी गाज, चिटफंड सोसाइटी ने किया तलब
बार एसोसिएशन के तय समय सीमा में चुनाव नहीं कराने को लेकर चिटफंड सोसाइटी उप निबंधक ने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व सचिव को तलब किया है। यह कार्रवाई बार के पूर्व अध्यक्ष ठाकुर मदन गोपाल व गोपाल गौतम आई द्वारा चिटफंड सोसाइटी में की गई शिकायत के आधार पर की गई है।
शिकायत में कहा गया था कि बार एसोसिएशन की प्रबंध समिति का कार्यकाल एक वर्ष निर्धारित है, जो 7 नवंबर 2025 को समाप्त हो चुका है। इसके बावजूद संस्था द्वारा कोई निर्वाचन कार्रवाई संपन्न नहीं करायी गयी है। ऐसी स्थिति में संस्था की प्रबंध समिति को कालातीत घोषित कर निर्वाचन संपन्न कराये जाने की प्रार्थना की गयी थी।
गोपाल गौतम आई ने बताया कि उप निबंधक अधिकारी विपुल कुमार सिंह ने बार अध्यक्ष व सचिव को 12 दिसंबर को तलब कर स्पष्टीकरण देने के लिए निर्देशित किया है। वहीं, बार सचिव शिव कुमार लवानियां ने बताया कि उन्हें अभी तक इस प्रकार का कोई नोटिस नहीं मिला है।
