SKMCH में अमानवीयता: लावारिस शव को सीढ़ी के नीचे फेंका, कफन तक नसीब नहीं
मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच अस्पताल में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। इमरजेंसी वार्ड में एक लावारिस मरीज की मौत के बाद उसके शव के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। सफाईकर्मियों ने शव को कफन देना तो दूर, उसे इमरजेंसी वार्ड की सीढ़ी के नीचे बेड सहित लावारिस छोड़ दिया।
वहां मौजूद मरीजों के परिजनों ने बताया कि सफाईकर्मियों ने शव को वहीं छोड़ दिया और कफन की मांग करने पर बेडशीट से ढक दिया। शव के पास ही सफाई सामग्री भी रखी थी। यह घटना सोमवार रात की बताई जा रही है, जब वार्ड आठ के पास मरीज की मौत हुई। हेल्थ मैनेजर सोहैल अख्तर को शव को डिस्पोजल करने को कहा गया था, लेकिन सफाईकर्मी शव को उठाकर सीढ़ी के नीचे छोड़ आए।
मंगलवार देर शाम कंट्रोल रूम से जानकारी मिलने पर नर्सिंग स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम कक्ष भिजवाया गया। उपाधीक्षक डॉ. सतीश कुमार सिंह और प्राचार्य डॉ. आभा रानी सिन्हा ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात हेल्थ मैनेजर की जवाबदेही थी कि वह शव को कफन मुहैया कराकर सम्मानपूर्वक डिस्पोजल सुनिश्चित करे। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पिछले तीन दिनों में अस्पताल में तीन लावारिस मरीजों की मौत हुई है, जिससे अस्पताल की घोर लापरवाही उजागर हुई है।
