एक छात्रा, सात शिक्षक और CCTV: यूपी के इस कॉलेज में परीक्षा का अजीबोगरीब नजारा, वजह जानकर चौंक जाएंगे
हमीरपुर के एक कॉलेज में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षा देने आई एक अकेली छात्रा के लिए सात शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई। परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी कैमरे भी लगे थे। हीरानंद पीजी कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि बीए पंचम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए केवल एक छात्रा पंजीकृत थी, जिसके लिए कई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
कस्बा बिवांर में संचालित हीरानंद पीजी कालेज के प्राचार्य डा.अभिनंदन सिंह ने बताया कि सोमवार को सुबह पाली में हुई बीए पंचम सेमेस्टर विषय अर्थशास्त्र प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा के लिए सिर्फ एक छात्रा पंजीकृत थी। जिसकी परीक्षा के लिए दो कक्ष निरीक्षक, एक सहायक कक्ष निरीक्षक, दो आंतिरक उड़ाका दल, केंद्राध्यक्ष व सहायक केंद्राध्यक्ष के अलावा दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। सारा दिन यह लोग केंद्र में ड्यूटी करते नजर आए।
जहां पर इकलौती छात्रा परीक्षा दे रही थी, वहीं कक्ष में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए थे। पूरे केंद्र में इकलौती छात्रा के परीक्षा देने की चर्चा पूरे कालेज में रही। वहीं दूसरी पाली में बीए तृतीय सेमेस्टर विषय इतिहास व बीएससी तृतीय सेमेस्टर विषय जंतुविज्ञान में कुल 55 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
