लखनऊ में सनसनीखेज अपहरण: पंचायत सदस्य के भतीजे को अगवा कर मांगी 50 लाख की फिरौती, पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ के इंदिरानगर-सी ब्लाक से क्षेत्र पंचायत सदस्य कृष्ण चंद्र पांडेय के भतीजे लवलेश कुमार पांडेय का अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है। लवलेश लखनऊ में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और अपने भाई हरिओम पांडेय के साथ रहता था।
शनिवार की दोपहर दो बजे लवलेश सब्जी लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन काफी देर बाद भी नहीं लौटा। उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे लवलेश के दूसरे भाई अखिलेश पांडेय के नंबर पर एक मैसेज आया। मैसेज में लिखा था, ‘अगर इस बंदे की सलामती चाहते हो तो 50 लाख रुपये दीजिए, लोकेशन जल्द ही बताएंगे।’ इसके बाद मोबाइल फिर से स्विच ऑफ हो गया।
परिजनों ने तुरंत गाजीपुर थाने में तहरीर दी। हालांकि, परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी तहरीर बदलवा दी और अपहरण के बजाय गुमशुदगी की कार्रवाई की है। परिवार के सदस्य अपने रिश्तेदारों के साथ लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मसूद आलम खान ने भी पुलिस से जल्द से जल्द लवलेश की बरामदगी की मांग की है।
