‘फर्जी 2’ पर आया बड़ा अपडेट, Rashii Khanna ने बताया क्यों चुनती हैं अलग तरह के किरदार, बोलीं- ‘कहानियां मुझे चुनती हैं’
साउथ सिनेमा में अपनी शानदार अदाकारी का लोहा मनवाने के बाद, अभिनेत्री राशि खन्ना ने अब हिंदी सिनेमा में भी अपनी पहचान बनाई है। हाल ही में एक खास बातचीत में राशि खन्ना ने अपने करियर के कई पहलुओं पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि उन्हें कमर्शियल फिल्में करना बहुत पसंद है, क्योंकि इन्हीं फिल्मों की बदौलत वह आज इस मुकाम तक पहुंची हैं। हालांकि, उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका चाहिए था, जो उन्हें तेलुगु फिल्म ‘थोली प्रेमा’ से मिला।
राशि ने कहा कि वेब सीरीज ‘फर्जी’ उनके करियर का एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुई। इस सीरीज ने उनके लिए दोनों इंडस्ट्री (साउथ और हिंदी) में बहुत कुछ बदल दिया। उन्होंने कहा कि ‘फर्जी’ के बाद लोगों ने उन्हें गंभीरता से लेना शुरू कर दिया। राशि खन्ना ने बताया कि वह एक कलाकार के रूप में लगातार ग्रो कर रही हैं और यह प्रक्रिया हर फिल्म के साथ चलती रहती है। वह अलग-अलग भूमिकाएं निभाने की कोशिश करती हैं, क्योंकि हर किरदार से कुछ न कुछ सीखने को मिलता है और खुद को बेहतर समझने में मदद मिलती है।
अपनी आगामी वेब सीरीज ‘फर्जी सीजन 2’ के बारे में बात करते हुए राशि ने बताया कि वह जल्द ही इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू करेंगी। उन्होंने कहा कि वह अपने काम को लेकर बहुत उत्साहित हैं। निजी जीवन के बारे में बात करते हुए राशि ने बताया कि उनके घर में पिछले 10-12 सालों से सत्संग होता आ रहा है और वह सुनिश्चित करती हैं कि उस दिन वह घर पर ही रहें। वह इसे परिवार के साथ मनाती हैं।
