किशनगंज अस्पताल के पुराने भवन से शराब का गोरखधंधा, सुपरवाइजर गिरफ्तार
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पुराने भवन में लंबे समय से चल रहे अवैध अंग्रेजी शराब तस्करी के नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो अस्पताल में एक एनजीओ के माध्यम से सफाई सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कटिहार जिले के प्राणपुर निवासी मनोज विश्वास के रूप में हुई है। वह अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अस्पताल के पुराने भवन को सुरक्षित ठिकाने के तौर पर इस्तेमाल कर पिछले कई महीनों से शराब की अवैध सप्लाई कर रहा था। अस्पताल परिसर में रात के समय नशेड़ियों और शराबियों द्वारा अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें भी मिल रही थीं, जिसे लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अखलाकुर्रहमान ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
एक विशेष सूचना के आधार पर, थानाध्यक्ष मु. मकसूद आलम अशरफी के नेतृत्व में एक टीम ने सोमवार देर रात पुराने अस्पताल भवन में छापेमारी की। इस दौरान, मनोज विश्वास को शराब की डिलीवरी करने की फिराक में पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से चार बोतल अंग्रेजी शराब और दो अन्य बोतलों में आधी भरी शराब बरामद की। साथ ही, शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।
पूछताछ के दौरान, आरोपी मनोज विश्वास ने स्वीकार किया कि वह कई महीनों से इस पुराने भवन का इस्तेमाल शराब की सप्लाई के लिए कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जाएगी, जिससे इस रैकेट के पूरे जाल का पर्दाफाश हो सके।
