नोएडा के गोलचक्कर होंगे छोटे, मैसूर क्लॉक टावर का काम जल्द होगा पूरा
नोएडा शहर में चल रहे विकास कार्यों और साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. लोकेश एम ने कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-128 गोलचक्कर, एक्सप्रेसवे के समानांतर 45 मीटर सड़क, सेक्टर-128 से 150 तक और सेक्टर-153 गोलचक्कर क्षेत्रों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान, सीईओ ने सेक्टर-128 गोलचक्कर पर बन रहे मैसूर क्लॉक टावर के निर्माण कार्य को अगले 10 दिनों के भीतर पूरा कर संचालित करने के लिए उद्यान विभाग को सख्त निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने गोलचक्कर को छोटा कर सड़क को चौड़ा करने तथा चौराहे पर मैस्टिक फ्लोरिंग का कार्य कराने के लिए वर्क सर्किल-9 को निर्देशित किया।
सेक्टर-132 गोलचक्कर के निरीक्षण में पाया गया कि व्यस्त समय में यहां यातायात का दबाव काफी अधिक रहता है। इस समस्या के समाधान के लिए सीईओ ने गोलचक्कर को छोटा करने, सड़क और सर्विस लेन की चौड़ाई बढ़ाने के लिए एक विस्तृत एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न मार्गों पर पाए गए गड्ढों को 24 घंटे के भीतर भरने के निर्देश दिए गए। साथ ही, 135 सिंचाइ नाले से ग्राम छपरौली, सेक्टर-167 तक सड़क पर सफाई व्यवस्था की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए, एक सफाई सुपरवाइजर का एक माह का वेतन रोकने की कार्रवाई की गई और उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया। सफाई कार्य को तत्काल पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया गया है।
ग्राम मोहियापुर से झट्टा तक ग्रीन बेल्ट में जलभराव की समस्या को देखते हुए, सिविल, जल और उद्यान विभाग को संयुक्त रूप से निरीक्षण कर समाधान निकालने के लिए निर्देशित किया गया है। उद्यान विभाग की ओर से सेक्टर-153 गोलचक्कर पर निर्माणाधीन मंडपम के कार्यों को दो माह के भीतर पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इस निरीक्षण के दौरान सीईओ के साथ डीजीएम सिविल विजय रावल, उद्यान निदेशक आनंद मोहन और संबंधित वर्क सर्किल के वरिष्ठ प्रबंधक भी मौजूद रहे।
