धनबाद में कड़ाके की ठंड: सामान्य से अधिक शीत लहर का प्रकोप, रहें सतर्क
नवंबर महीने में तापमान सामान्य से नीचे रहने और शीतलहर चलने के बाद अब दिसंबर और जनवरी में ठंड अपने कड़े तेवर दिखा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार सामान्य से अधिक शीत लहर चलने की आशंका है, जिससे शीतलहर के दिनों में बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है, क्योंकि उनके लिए स्वास्थ्य जोखिम बढ़ सकता है।
सुबह-सुबह छाने वाले घने कोहरे के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात में बाधा उत्पन्न होने की संभावना है। कुछ शहरी इलाकों में वायु गुणवत्ता के और खराब होने की भी आशंका जताई गई है।
नवंबर की सर्द विदाई के साथ ही दिसंबर की शुरुआत भी ठंडक के साथ हुई है। बादल छाए रहने के कारण पूरे दिन धूप का नामोनिशान नहीं रहा। बादलों और बीच-बीच में चलने वाली सर्द हवाओं ने दिन के मौसम को काफी सर्द बना दिया। दिन में ही लोगों को स्वेटर और जैकेट निकालने पड़े, वहीं रात का मौसम भी ठिठुरन भरा रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों के दौरान ठंड में और बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसम केंद्र रांची से जारी पूर्वानुमान में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना जताई गई है। वर्तमान में 13-14 डिग्री सेल्सियस पर चल रहा न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 10 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। ठंड में इस अप्रत्याशित बढ़ोतरी के साथ ही गर्म कपड़ों के बाजार में भी रौनक बढ़ गई है।
दक्षिण भारत में हाल ही में आए चक्रवात के कारण धनबाद सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। इसका प्रभाव मंगलवार को भी जारी रह सकता है, जिससे दिन का मौसम सर्द बना रहेगा। वहीं, हिमालय से आने वाली सर्द हवाएं रात में भी ठंड का अहसास कराएंगी। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे गर्म कपड़े पहनें, देर रात तक बाहर रहने से बचें और गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के उत्पन्न होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।
