जर्जर सड़कों पर विधायक का अनिश्चितकालीन धरना, नगर निगम के खिलाफ मोर्चा
धनबाद में भारतीय जनता पार्टी के विधायक राज सिन्हा ने शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर सोमवार को नगर निगम कार्यालय के बाहर सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। विधायक ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में उनकी मांगों पर गंभीरता से संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो वे पहले नगर निगम कार्यालय की चौखट पर धरना जारी रखेंगे और फिर भी कोई समाधान न निकलने पर नगर आयुक्त के चैंबर के बाहर आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे।
धरने की अध्यक्षता करते हुए, विधायक राज सिन्हा ने नगर निगम प्रशासन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों से सड़कों के निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन नगर निगम और राज्य सरकार एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) जांच का हवाला देकर फाइलों को जानबूझकर दबा रही हैं। उन्होंने कहा कि टूटी-फूटी और गड्ढों से भरी सड़कें शहरवासियों के जीवन को दूभर बना चुकी हैं, खासकर बरसात के मौसम में आवागमन अत्यंत कष्टप्रद हो जाता है। विधायक ने बरटांड़ पंडित क्लीनिक रोड, राजकीय पॉलिटेक्निक–पांडरपाला मार्ग, गांधी नगर रोड, सब्जी बगान रोड, डीएस कॉलोनी रोड, माडा कॉलोनी रोड, विनोद नगर, मनईटांड़, गोल बिल्डिंग–छठ तालाब–भोक्ता मेला मार्ग, और पथराकुल्ही रोड सहित कई प्रमुख सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग की है।
धरने में शामिल पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महानगर जिला अध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि धनबाद के विकास कार्य ठप पड़े हैं और नगर निगम की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला महामंत्री मानस प्रसून ने कहा कि नगर निगम जनता से टैक्स वसूलता है, लेकिन उन्हें बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल रहा है। राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि धनबाद को स्मार्ट सिटी बनाने का सपना दिखाया गया था, लेकिन हकीकत यह है कि सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं और जनता का सब्र जवाब दे रहा है।
सूत्रों के अनुसार, विधायक राज सिन्हा ने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री, धनबाद उपायुक्त और एसीबी प्रमुख के समक्ष कई बार उठाया है, लेकिन कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। शाम के समय नगर निगम के उपनगर आयुक्त प्रकाश कुमार धरना स्थल पर विधायक को मनाने पहुंचे, लेकिन विधायक ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक सड़कों के निर्माण का कार्य शुरू नहीं होगा, वे अपना धरना जारी रखेंगे। आंदोलन में अशोक पाल, मनोरंजन सिंह, रमेश सिंह, नरेंद्र त्रिवेदी, रीता यादव, विकास साव, सुमन सिंह, अभिमन्यु कुमार, अमरजीत कुमार, रणविजय सिंह, सोनी सिंह, पुष्पा राय, विभा रानी सिंह, नित्यानंद मंडल समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
