कैथल में दो नाबालिग बहनों का अपहरण, पड़ोसियों पर केस दर्ज
कैथल में दो सगी नाबालिग बहनों के अपहरण का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। सेक्टर-21 के पास एक कॉलोनी निवासी महिला ने अपनी पड़ोसियों पर यह गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पड़ोसी सागर, अणन, मेजर, लाली, कमल, अरुण, करतार सहित आठ लोगों के खिलाफ सिटी थाना में मामला दर्ज किया है।
पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वे सेक्टर-21 के निकट एक बस्ती में रहते हैं और मेहनत मजदूरी करके अपना गुजारा करते हैं। 23 नवंबर को परिवार के सभी सदस्य काम के सिलसिले में शहर गए हुए थे। इस दौरान उनकी करीब 13 और 14 साल की दो बेटियां घर पर अकेली थीं। दोपहर के समय, मौका देखकर आरोपियों ने कथित तौर पर दोनों बहनों का अपहरण कर लिया और उन्हें अपने साथ ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्यों ने अपनी स्तर पर बच्चियों की तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पीड़ित मां ने अपनी बेटियों के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गीता ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की प्राथमिकता जल्द से जल्द दोनों नाबालिग बहनों को सुरक्षित ढूंढकर उनके परिवार को सौंपना है। पुलिस टीमें लगातार बच्चियों की तलाश में जुटी हुई हैं।
