मां की डांट से क्षुब्ध युवक ने की आत्महत्या, परिवार में पसरा मातम
पीलीभीत जिले के नेपाल सीमावर्ती हजारा थाना क्षेत्र के गांव अशोकनगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ मां की डांट से क्षुब्ध एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक सनी का शव घर से लगभग चार सौ मीटर दूर एक शीशम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
सूत्रों के अनुसार, मृतक युवक सनी तीन दिन पहले ही नोएडा से काम करके अपने घर लौटा था। गुरुवार की रात किसी बात को लेकर उसकी मां ने उसे डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर वह घर से निकल गया और रात भर वापस नहीं लौटा। परिवार वालों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
शुक्रवार सुबह लगभग नौ बजे के करीब जब कुछ लोग खेत की ओर जा रहे थे, तो उन्होंने पेड़ पर युवक के शव को लटका देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय हजारा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शरद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष शरद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक मां की डांट से इतना आहत था कि उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। इस घटना से युवक के परिवार में गहरा शोक है और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
