संदिग्ध मौत: समधी के घर आए व्यक्ति का शव पोस्टमार्टम को भेजा, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र के गांव दतिया में मंगलवार रात एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आगरा के अछनेरा निवासी 65 वर्षीय मेघसिंह के रूप में हुई है, जो किसी रिश्तेदारी में गांव दतिया आए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात अचानक मेघसिंह की तबियत बिगड़ने लगी। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें संभाला, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के परिजनों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और हत्या की आशंका जताई है। परिवार का कहना है कि मेघसिंह की मौत सामान्य नहीं है और इसके पीछे कोई साजिश हो सकती है। उनकी आशंकाओं के चलते पुलिस मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक हाईवे, शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक मेघसिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण ब्रेन हेमरेज बताया गया है। रिपोर्ट आने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
