0

बुध बाजार में विरोध, नगर निगम की टीम को बैरंग लौटना पड़ा

By Nov 28, 2025

शहर के हैजा अस्पताल क्षेत्र में लगने वाले बुध बाजार को लेकर नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान को एक बार फिर विरोध का सामना करना पड़ा। बुधवार को निर्धारित रोक के बावजूद, फेरीवालों ने अपनी अस्थायी दुकानें सजा लीं। इसकी जानकारी मिलते ही नगर निगम की टास्क फोर्स मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू की।

जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू की, दुकानदारों ने इसका पुरजोर विरोध किया। विरोध इतना उग्र हो गया कि एक महिला जेसीबी मशीन के सामने सड़क पर तख़्त के ऊपर लेट गई। इस अप्रत्याशित विरोध के चलते नगर निगम की टास्क फोर्स को बिना कोई कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा।

नगर निगम प्रशासन ने पहले भी इस बाजार को लेकर चेतावनी जारी की थी। बाजार लगने से गौरा नगर कॉलोनी को जाने वाला मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। इसी समस्या के समाधान के लिए नगर निगम यह कार्रवाई कर रहा था, लेकिन अस्थाई दुकानदार अपनी जगह से हटने को बिल्कुल भी तैयार नहीं हैं।

विरोध प्रदर्शन में प्रेमवती, रानी, पवन, उमेश, राकेश, रमेश, जगदीश, ओमप्रकाश, नत्थो देवी, श्यामवती सहित कई दुकानदार शामिल थे। दुकानदारों का कहना है कि रोजी-रोटी का यही एकमात्र जरिया है और उन्हें कहीं और जगह नहीं दी गई है।

इस घटना के बाद, टास्क फोर्स प्रभारी एसएफआई राकेश कुमार राजपूत ने बताया कि अगले बुधवार को किसी भी सूरत में बाजार नहीं लगने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की भी मदद ली जाएगी। इससे पहले, निगम की टीम ने प्रेम मंदिर के पास भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था, जहाँ फुटपाथ घेरने वाले दुकानदारों पर दो-दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था।

About Amit Sagar

Journalist covering latest updates.

साझा करें