लखनऊ में चोरी, मनाली में मौज: पिकनिक से लौटते ही दबोचे गए शातिर चोर
लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए हिमाचल प्रदेश के मनाली में पिकनिक मनाई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला बाजारखाला के पुराना हैदरगंज का है, जहां सर्राफा व्यवसायी सनी सोनी के निर्माणाधीन पुश्तैनी मकान से नकदी और गहनों की चोरी हुई थी। चोरी की सूचना पर सनी सोनी ने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की।
इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह ने बताया कि जांच के दौरान सीसी फुटेज खंगाले गए, जिसमें चोर घर में आते और जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी और सर्विलांस टीम को भी इस मामले के खुलासे में लगाया गया। गहन छानबीन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि चोरी के बाद आरोपी शहर छोड़कर मनाली चले गए थे, जहां उन्होंने चोरी की रकम से पिकनिक मनाई।
पुलिस ने मुखबिरों की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर चारों आरोपियों को बाजारखाला में भूसा मंडी से माल गोदाम जाने वाली सड़क से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मड़ियांव के नबी नगर निवासी असगर अली, अजीज नगर निवासी अब्दुल रहमान, अन्ना मार्केट प्रीती नगर निवासी फहद अहमद और गायत्री नगर निवासी अरसू के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को कबूल करते हुए मनाली में पिकनिक मनाने की बात भी स्वीकार की। गिरोह का सरगना असगर अली मड़ियांव का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। वह 2 अक्टूबर को ही जेल से छूटकर आया था और आते ही उसने नए लड़कों को अपने गिरोह में शामिल कर चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लाख रुपये नकद, चोरी के चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने चोरी के इस बड़े मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है।
