जींद जिले के नरवाना में नशे की ओवरडोज से एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतक की पहचान पंजाब के...
जींद जिले के नरवाना में नशे की ओवरडोज से एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतक की पहचान पंजाब के मानसा निवासी 29 वर्षीय तरसेम के रूप में हुई है। पुलिस को तरसेम का शव 19 दिसंबर को हिसार रोड रेलवे फाटक के पास झाड़ियों में मिला था। शव की शिनाख्त नहीं होने पर इसे नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया था।
शनिवार को तरसेम के परिजनों ने नरवाना पहुंचकर शव की शिनाख्त की। मृतक की बहन गुरशरण कौर की शिकायत पर पुलिस ने बिट्टू और राहुल नामक दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में बताया गया है कि तरसेम अपने दो दोस्तों बिट्टू और राहुल के साथ नरवाना आया था। यहां हेरोइन का नशा करने के दौरान ओवरडोज से उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, मौत के बाद बिट्टू और राहुल ने तरसेम के शव को झाड़ियों में फेंक दिया। परिजनों को घटना की जानकारी तब मिली जब बिट्टू की नानी ने तरसेम के घर जाकर बताया कि नरवाना में उसकी मौत हो गई है। इसके बाद परिजनों ने दोनों युवकों को मानसा के थाने में ले जाकर पूछताछ की, जहां उन्होंने नशे की ओवरडोज से मौत होने की बात कबूल की।
तरसेम के चाचा जगदेव सिंह ने बताया कि तरसेम को एक साल तक पंजाब के नशा मुक्ति केंद्र में रखा गया था और वह सात दिन पहले ही केंद्र से वापस आया था। पुलिस ने बताया कि तरसेम को एक साल तक पंजाब के नशा मुक्ति केंद्र में रखा गया था और वह सात दिन पहले ही केंद्र से वापस आया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।