युवक की हत्या कर जलाने वाला पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद। थाना दक्षिण पुलिस ने लूटपाट के बाद एक युवक की हत्या कर शव जलाने के मामले में फरार चल रहे एक इनामी अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और उसके पास से अवैध असलाह भी बरामद किया है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूटपाट, अपहरण और हत्या के बाद शव जलाने के मामले में वांछित अभियुक्त थाना दक्षिण क्षेत्र के लालऊ बिहारीपुर से आने वाले रास्ते पर मौजूद है। इस सूचना के आधार पर थाना दक्षिण पुलिस बल के साथ प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्रपाल सिंह मौके पर पहुंचे और इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को लालऊ बिहारीपुर से आने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस को देखते ही उन पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने तुरंत घायल अभियुक्त को कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उसने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक ईको कार लूटी थी और उसके बाद कार में सवार युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी थी और बाद में शव को जला दिया था। पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
