आगरा में बनेगा विहसंत सागर तीर्थधाम, 15 मार्च को होगा शिलान्यास
आगरा के जैतपुर में विहसंत सागर तीर्थधाम का शिलान्यास 15 मार्च को किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बोदला स्थित शांति नाथ दिगंबर जैन मंदिर में रविवार को एक बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पत्रिका का विमोचन भी किया गया। मुनिराज विहसंत सागर ने बताया कि यह तीर्थधाम साधु संतों के ध्यान, अध्ययन, तपस्या, आहारचर्या और आत्मकल्याण के लिए एक विशिष्ट आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
लगभग चार बीघा भूमि में तीर्थधाम का निर्माण किया जाएगा, जिसका क्षेत्रफल 242 बाई 150 फीट होगा। परिसर में एक साथ 12 निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा। तीर्थधाम में विश्व की सबसे ऊंची 19वें तीर्थंकर भगवान मल्लिनाथ की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके अलावा, भू गर्भ से प्राप्त लगभग 1800 वर्ष प्राचीन आदिनाथ भगवान की दुर्लभ प्रतिमा की विधिवत प्रतिष्ठा भी की जाएगी। परिसर में 72 मूर्तियों से युक्त 41 फीट ऊंचा मानस्तंभ भी बनाया जाएगा।
तीर्थधाम परिसर में विशाल जैन मंदिर, संत भवन, गौशाला, आश्रय भवन, अस्पताल, गुरुकुल, संग्रहालय, यात्री निवास, भोजनालय, संतों की आहारशाला, वाटिका, समाधि स्थल और मेडिटेशन टेंपल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बैठक में विजय जैन, अनिल आदर्श जैन, महेश जैन, मगन कुमार जैन, राकेश जैन टीचर, दीपेश जैन, विपुल जैन, मोहित जैन, सुनील कुमार जैन, योगेश जैन, पारस जैन कांसल, मनोज जैन बल्लो, सुमेरचंद पांडया और आगरा जैन समाज के कई लोग मौजूद रहे।
