बिना HSRP नंबर प्लेट वाले वाहन होंगे सीज, आगरा में विशेष अभियान की तैयारी
आगरा में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में हुई खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि कानून का उल्लंघन करने वालों और अवैध खनन में संलिप्त माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विशेष चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया है, जिसके तहत बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) या छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट वाले वाहनों को पकड़ा जाएगा। पकड़े जाने पर संबंधित वाहन मालिक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और वाहन को सीज कर दिया जाएगा। इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाना है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
इसके अतिरिक्त, यमुना और चंबल नदी क्षेत्रों में बालू, पत्थर और मिट्टी के अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए गए हैं। निगरानी बढ़ाने के लिए खनन स्थलों का ड्रोन सर्वे और चंबल क्षेत्र में विशेष निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रत्येक खनन अनुमति जारी करने से पूर्व और कार्य पूरा होने के बाद संबंधित स्थल का ड्रोन सर्वे अनिवार्य किया गया है।
