वलसाड़ की बीएन इंडस्ट्री में भीषण आग, लाखों का नुकसान
गुजरात के वलसाड़ जिले में पारडी तालुका के उमरसाडी गांव स्थित बीएन इंडस्ट्री में आज सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी यूनिट आग की चपेट में आ गई। आग की भयानक लपटों और धुएं के कारण इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और दमकल विभाग को सूचित किया गया। आग पर काबू पाने के लिए वलसाड सहित आसपास के क्षेत्रों से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने से कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, और माल पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। आग के कारणों की विस्तृत जांच के लिए वलसाड एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम की मदद ली जाएगी।
इस घटना के बाद, प्रशासन ने औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया है। दमकल विभाग ने आग बुझाने के दौरान किसी भी जनहानि को रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई की, जिसके लिए उनकी सराहना की जा रही है।
