विराट कोहली 2027 विश्व कप तक खेलेंगे, बोले बचपन के कोच राजकुमार
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की फिटनेस और फॉर्म को लेकर उनके बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। शर्मा का मानना है कि कोहली 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप तक खेलने की पूरी क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा, “विराट दुनिया के सबसे फिट क्रिकेटरों में से एक हैं और उनकी फिटनेस शानदार है। वह आज भी युवा खिलाड़ी की तरह मैदान पर फुर्ती दिखाते हैं, जो उन्हें अगले विश्व कप तक खेलने में मदद करेगा।”
शर्मा ने कोहली की बल्लेबाजी की निरंतरता की भी सराहना की और कहा कि उनमें आज भी रन बनाने की वही भूख है जो उनके शुरुआती दिनों में थी। यही भूख उनकी सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा, “दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनका शतक इसका जीता-जागता उदाहरण है। मुझे पूरा भरोसा है कि वह आगे भी ऐसे ही भारत को जीत दिलाते रहेंगे।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या विराट अगले वनडे विश्व कप में भारतीय जर्सी में नजर आएंगे, तो शर्मा ने सकारात्मक उत्तर दिया। उन्होंने कहा, “विराट की फिटनेस उन्हें रुकने नहीं दे रही है। वह अपने खेल को अच्छी तरह समझते हैं और जिस तरह से वह बल्लेबाजी करते हैं, उससे लगता है कि वह अभी लंबे समय तक क्रिकेट खेल सकते हैं।”
कोहली को बचपन से जानने वाले शर्मा ने कहा कि यह सिर्फ उनकी व्यक्तिगत इच्छा नहीं, बल्कि पूरे देश की कामना है कि विराट अगले विश्व कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करें और टीम को चैंपियन बनाने में योगदान दें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कोहली जैसा क्रिकेटर मिलना आसान नहीं है और उनका खेल के प्रति समर्पण उन्हें खास बनाता है।
