0

व्हाट्सएप कमेंट पर आर्मी मेजर ने रिटायर्ड अधिकारी को पीटा, धमकी भी दी

By Nov 24, 2025

भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र के दानिश कुंज में उस समय सनसनी फैल गई जब एक आर्मी मेजर ने एसआईआर (SIR) सर्वे पर व्हाट्सएप ग्रुप में की गई एक टिप्पणी से नाराज होकर एक सेवानिवृत्त अधिकारी के साथ मारपीट की। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है, जहां मेजर की एक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मेजर खुद पीड़ित के घर जा पहुंचे।

सूत्रों के अनुसार, दानिश कुंज निवासी 66 वर्षीय गोरेलाल पांडे, जो मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम से सेवानिवृत्त हैं, ने कॉलोनी के व्हाट्सएप ग्रुप में एसआईआर सर्वे से संबंधित एक पोस्ट पर कुछ टिप्पणियां कीं और गलती से या जानबूझकर अपने पड़ोसी, आर्मी में मेजर पदस्थ विवेक पांडे को टैग कर दिया।

इस बात से मेजर विवेक पांडे को इतना गुस्सा आया कि वे रात करीब आठ बजे गोरेलाल पांडे के घर पहुंच गए। उन्होंने गोरेलाल पांडे को घर से बाहर बुलाया और निर्वाचन नामावली में नाम जांचने का बहाना बनाया। जैसे ही गोरेलाल पांडे बाहर निकले, मेजर ने कथित तौर पर उन पर थप्पड़ों की बरसात कर दी और मुक्कों से भी पीटा। इस दौरान गोरेलाल पांडे की पत्नी ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद आरोपी मेजर मौके से फरार हो गया।

पीड़ित गोरेलाल पांडे ने कोलार थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि मारपीट के बाद जाते-जाते मेजर ने उन्हें शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। कोलार पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी आर्मी मेजर विवेक पांडे के खिलाफ मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी मेजर की तलाश में जुटी है, हालांकि अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इस घटना ने कॉलोनी के निवासियों में भय का माहौल बना दिया है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें