वाराणसी: शादी समारोह से लौट रही म्यूजिक सिस्टम जीप को ट्रक ने रौंदा, पांच घायल
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोग घायल हो गए। यह घटना खजुरी पुलिस चौकी के सामने हाइवे पर हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से म्यूजिक सिस्टम वाली एक जीप को टक्कर मार दी। जीप में सवार चालक सहित पांच लोग गंभीर रूप से चोटिल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद के शिवरामपुर गांव निवासी अनिल यादव अपनी म्यूजिक सिस्टम वाली जीप लेकर एक वैवाहिक समारोह में शिवपुर गए थे। द्वारपूजा के बाद रात में लौटते समय खजुरी पुलिस चौकी के पास उनकी जीप के पिछले हिस्से में एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए।
हादसे में म्यूजिक सिस्टम पर सवार चालक अनिल यादव के ही गांव के रहने वाले कमलेश राजभर, जसवंत राय और पड़ोस के मोंगलावीर गांव निवासी मुकेश राजभर व किशन घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से मुकेश और किशन को बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा, जबकि अन्य घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को चालक सहित हिरासत में ले लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर हाइवे पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों और यातायात सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
