UGC रेगुलेशन पर UP politics news: विधायक पल्लवी पटेल को पुलिस ने जबरन हटाया
यूजीसी रेगुलेशन लागू करने की मांग को लेकर मंगलवार को अपना दल कमेरावादी ने आईटी चौराहा से मार्च निकाला। सिराथू से विधायक डॉ पल्लवी पटेल के नेतृत्व में यह मार्च विश्वविद्यालय की ओर बढ़ रहा था। पुलिस बल ने पुलिस लाइन के पास बैरिकेडिंग लगाकर मार्च को रोक दिया। इस दौरान डॉ पल्लवी पटेल और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
पुलिस द्वारा रोके जाने पर डॉ पल्लवी पटेल विरोध जताते हुए सड़क पर बैठ गईं। उन्होंने बैरिकेडिंग फांदने की कोशिश भी की। जब डॉ पल्लवी मान मनौव्वल के बाद भी आगे बढ़ने की जिद पर डटी रहीं, तो महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरन खींच कर, हाथ पैर पकड़ कर गाड़ी में बैठा दिया। इस दौरान रोड पर जाम की स्थिति बनी रही और अन्य प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया गया।
डॉ पल्लवी पटेल ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में जाति, लिंग, धर्म या अक्षमता के आधार पर हो रहे भेदभाव को रोकने के लिए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों पर यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन लाया गया था। उन्होंने सवाल किया कि अब न्यायालय ने इस पर बैन क्यों लगा दिया है। उन्होंने कहा कि क्या जब धारा 370 या जीएसटी लागू किया गया था, तो उसमें कोई त्रुटियां नहीं थीं? उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा बांटो और राज करो की नीति अपना रही है।
