UP Police news: गवाही के लिए हाजिर न होने पर इंस्पेक्टर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
लखनऊ की एडीजे कोर्ट ने गोमतीनगर थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। कोर्ट ने इंस्पेक्टर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करते हुए प्रकीर्णवाद दर्ज करने का आदेश दिया है। वर्तमान में कानपुर नवाबगंज कोतवाली में तैनात केशव कुमार तिवारी को एक मामले में गवाही के लिए तलब किया गया था, लेकिन वह पिछले एक माह से कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे थे।
कोर्ट ने 21 फरवरी को गिरफ्तारी वारंट और कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 26 फरवरी को उपस्थित होने का आदेश दिया था। इसके बावजूद इंस्पेक्टर तिवारी कोर्ट में पेश नहीं हुए। यह मामला सरकार बनाम अविनाश पांडेय आदि के मुकदमे से जुड़ा है, जिसे सर्वोच्च न्यायालय ने शीघ्र निस्तारित करने का आदेश दिया है।
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि गवाह जानबूझकर सुप्रीम कोर्ट और इस न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर रहा है। उनका यह आचरण आपत्तिजनक और अवमाननापूर्ण है। कोर्ट ने इंस्पेक्टर के खिलाफ प्रकीर्णवाद दर्ज करने का आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 12 मार्च को होगी।
