यूपी दिवस 2024: 12 से 26 जनवरी तक भव्य आयोजन, हर जिले को मिलेंगे 1 लाख रुपये
उत्तर प्रदेश में 12 से 26 जनवरी तक प्रदेश के स्थापना दिवस को लेकर भव्य आयोजन की तैयारी है। मुख्य सचिव ने सभी विभागों और जिलाधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी कर दिए हैं। यह आयोजन ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम पर केंद्रित रहेगा।
राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित होगा, जिसका सूचना विभाग सजीव प्रसारण करेगा। जिलों में भी प्रदर्शनी, संगोष्ठी, कवि सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और रोड शो जैसे विविध कार्यक्रम होंगे। पर्यटन विभाग लखनऊ में हॉट एयर बैलून का भी प्रदर्शन करेगा।
संस्कृति विभाग की ओर से प्रत्येक जिले को आयोजन के लिए एक लाख रुपये की राशि दी जाएगी। उच्च शिक्षा, सूचना एवं जनसंपर्क, और पर्यटन विभाग मिलकर विभिन्न प्रदर्शनियां लगाएंगे। साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
युवा कल्याण विभाग 12 से 23 जनवरी तक युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित करेगा। इसके अतिरिक्त, नगर विकास एवं पंचायती राज विभाग को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
