UP crime news: फौजी का बेटा बना 1 लाख का इनामी बदमाश, मुठभेड़ में ढेर; 2006 से शुरू की थी अपराध की दुनिया
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पुलिस ने एक लाख के इनामी बदमाश सिराज अहमद उर्फ पप्पू को मुठभेड़ में मार गिराया है। सिराज अहमद का आपराधिक इतिहास उसके पारिवारिक पृष्ठभूमि के बिल्कुल विपरीत था। उसके पिता मंसूर अहमद आर्मी से रिटायर थे, जबकि भाई मेराज वाराणसी में नौकरी करता था। अनुशासित माहौल में पले-बढ़े सिराज ने 2006 में मारपीट और लूटपाट की घटना से अपराध की दुनिया में कदम रखा था।
शुरुआती दौर में छोटे-मोटे अपराधों में शामिल रहने वाला सिराज धीरे-धीरे संगठित गिरोहों के संपर्क में आया। उसने जल्द ही अपना गिरोह खड़ा कर लिया और डकैती, हत्या, और रंगदारी जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम देने लगा। सिराज पर हत्या के प्रयास, लूट, हत्या और रासुका (NSA) जैसे संगीन मुकदमे दर्ज थे। अधिवक्ता हत्याकांड के बाद वह एक लाख का इनामी बदमाश बन गया था।
सुल्तानपुर और आसपास के जिलों में सिराज की आपराधिक गतिविधियों का दायरा लगातार बढ़ता गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह जेल से 27 मामलों में जमानत पर बाहर आने के बाद भी गिरोह के सदस्यों के साथ वारदातों को अंजाम देता रहा। उसका भाई मेराज अहमद भी सुल्तानपुर कारागार में बंद है। पुलिस लंबे समय से सिराज की तलाश कर रही थी, जो हाल ही में मुठभेड़ में मारा गया।
