UP Budget 2026: कन्यादान योजना में बड़ा बदलाव, बेटियों को मिलेंगे 1 लाख रुपये
उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राज्य विधानसभा में 9.12 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया है। यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में 12.2 प्रतिशत अधिक है। बजट में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण योजनाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है।
बजट की सबसे महत्वपूर्ण घोषणाओं में से एक मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अनुदान राशि में वृद्धि है। अब इस योजना के अंतर्गत सभी वर्गों की पुत्रियों के विवाह के लिए अनुदान राशि को 51,000 रुपये से बढ़ाकर 1.01 लाख रुपये कर दिया गया है। इस योजना के लिए 750 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है।
अन्य सामाजिक कल्याण योजनाएं
सामूहिक विवाह की राशि दोगुनी करने के साथ ही, सरकार ने अनुसूचित जाति के निर्धन व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी अनुदान योजना के लिए 100 करोड़ रुपये और सामान्य वर्ग के निर्धन व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी योजना के लिए 50 करोड़ रुपये करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित की है।
रोजगार और आर्थिक विकास पर जोर
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बजट पेश करते हुए कहा कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय 2025-2026 में 1,20,000 रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। सरकार रोजगार प्रशिक्षण और नियुक्ति केंद्र स्थापित करने के लिए पीपीपी मॉडल के तहत निजी क्षेत्र को भी शामिल करेगी। कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष प्रशिक्षण केंद्र बनाए जाएंगे।
कृषि क्षेत्र में निर्यात को बढ़ावा देने और किसानों की आय में सुधार करने के उद्देश्य से विश्व बैंक समर्थित यूपी-एग्रीज परियोजना के तहत एक कृषि निर्यात केंद्र बनाया जाएगा। इसके अलावा, सरकार जन विश्वास सुधार ढांचे के तहत सरल पंजीकरण और लाइसेंसिंग के माध्यम से उद्योगों को सहयोग देने की भी योजना बना रही है, जिससे व्यावसायिक संचालन आसान हो जाएगा।
