आगरा में जलभराव पर अनोखा प्रदर्शन, पार्षद-विधायक ढूंढो 500 रुपए इनाम पाओ
आगरा के सदर इलाके में जलभराव और खराब सड़कों की समस्या ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। राजपुर चुंगी और गुरु गोविंद नगर के निवासी इस बदहाली से इतने परेशान हैं कि उन्होंने अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया है। रविवार को महिलाओं ने हाथों में बैनर लेकर प्रदर्शन किया, जिस पर लिखा था, ‘पार्षद, विधायक और महापौर को ढूंढकर लाने वाले को पांच सौ रुपये इनाम दिया जाएगा’।
राजपुर चुंगी स्थित गुरु गोविंद नगर में मामूली बारिश के बाद ही जलभराव की स्थिति बन जाती है। नालियां चोक होने और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण गलियों में पानी भर जाता है। इससे सड़कें भी खराब हो गई हैं और उनमें बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें गिरकर कई लोग घायल हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने नगर निगम में कई बार शिकायत की है, लेकिन अधिकारियों ने कभी आकर उनकी समस्या को नहीं सुना। इस उपेक्षा से आक्रोशित होकर दर्जनों लोग रविवार शाम को सड़कों पर उतर आए और करीब पौन घंटे तक प्रदर्शन किया। लोगों के इस विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस प्रदर्शन से स्थानीय प्रशासन पर समस्या के समाधान का दबाव बढ़ेगा।
