उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न: पहाड़ से ज्यादा ठंडे हुए मैदानी इलाके, कोहरे ने बढ़ाईं मुश्किलें
उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन मैदानी इलाकों में कोहरे का प्रकोप बढ़ गया है जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है। पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिल रही है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में कोहरे के कारण ठंड का एहसास ज्यादा हो रहा है।
पहाड़ से ज्यादा ठंड मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही है। खासकर ऊधमसिंह नगर में अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। वहीं, मुक्तेश्वर में दिन के पारे में लगभग इतनी ही वृद्धि हुई है। आज भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मंगलवार को देहरादून समेत आसपास के इलाकों में सुबह हल्की धुंध छाई रही, लेकिन दिन में चटख धूप खिल गई। ज्यादातर क्षेत्रों में दिन में धूप चुभ रही है। वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं कोहरे का प्रभाव बढ़ गया है। जिसके कारण धूप कुछ देर के लिए ही दर्शन दे रही है। ऐसे में कुछ इलाकों में तापमान पहाड़ी क्षेत्रों से भी नीचे पहुंच गया है। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान ऊधमसिंह नगर से चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज यानी बुधवार को भी ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। हालांकि, कहीं-कहीं आंशिक बादल भी छाये रह सकते हैं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
