छितौनी-तमकुही रेल लाइन पर बिछने लगी पटरी, Bihar news: लाखों लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण छितौनी-तमकुही ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना अब धरातल पर उतरती दिख रही है। रेलवे ट्रैक पर पटरी बिछाने के लिए स्लीपरों की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। इस परियोजना के शुरू होने से गंडक पार के पिपरासी, मधुबनी, भितहा, ठकरहा सहित पडरौना और खड्डा क्षेत्र के लाखों लोगों में खुशी की लहर है।
वर्ष 2007 में तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने इस परियोजना का शिलान्यास किया था। हालांकि, विभिन्न कारणों से यह परियोजना लंबे समय तक लंबित रही। अब रेलवे विभाग ने इस पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। रेल लाइन के जद में आने वाले वृक्षों का सर्वे पूरा हो चुका है और जटहा स्थित जरार गांव में मॉडल रेलवे स्टेशन निर्माण के लिए भूमि भी चिन्हित की जा चुकी है।
परियोजना के पहले चरण में छितौनी से बिहार के मधुबनी प्रखंड तक रेल पटरी बिछाने का रास्ता साफ हो गया है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही पुल और पुलिया निर्माण के लिए मिट्टी जांच भी संपन्न हो चुकी है। पनियहवा से छितौनी तक लगभग दो किलोमीटर रेल पटरी बिछाई जा चुकी है और इस खंड पर रेल इंजन का ट्रायल भी सफलतापूर्वक हो चुका है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस रेल लाइन के निर्माण से क्षेत्र के लाखों लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही व्यापार, आयात-निर्यात और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। यह परियोजना गंडक नदी के कटाव से निपटने में भी मदद करेगी और क्षेत्र के समग्र विकास को गति देगी।
