हरियाणा में बनेंगे तीन और नए जिले, विधानसभा में उठी मांग; हांसी को मिला नया जिला, जानिए पूरी खबर
हरियाणा का प्रशासनिक नक्शा अब बदल गया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्तायुक्त डा. सुमिता मिश्रा ने हिसार की सीमाओं में बदलाव की अधिसूचना जारी कर दी है। हांसी को नया जिला बनाया गया है, जिसमें हांसी और नारनौंद उपमंडल शामिल होंगे। इस फैसले से प्रदेश में जिलों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है।
नए जिले के गठन की घोषणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 16 दिसंबर को हांसी में की थी, जिस पर अगले दिन कैबिनेट बैठक में मुहर लगी। अब अधिसूचना जारी होने के बाद हांसी और नारनौंद उपमंडलों को अलग कर नया जिला बनाया गया है। पहले हिसार जिले में छह तहसील और तीन उप-तहसील थीं, लेकिन अब बास, हांसी और नारनौंद तहसीलें नए हांसी जिले में शामिल हो गई हैं। इससे हांसी के लोगों को छोटे-बड़े प्रशासनिक कामों के लिए हिसार के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
जिला बनने के साथ ही न्यायिक ढांचा भी बदलेगा। हांसी में जिला एवं सत्र न्यायालय का गठन किया जाएगा और जिला न्यायाधीश की तैनाती होगी। अभी तक मुकदमों की पैरवी के लिए हिसार जिला अदालत जाना पड़ता था, लेकिन अब न्याय की प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगी। नए हांसी जिले में हांसी और नारनौंद विधानसभा क्षेत्रों के कुल 110 गांव शामिल किए गए हैं। जिले में दो उपमंडल, तीन तहसीलें और तीन विकास खंड बनाए गए हैं।
प्रशासनिक सीमाओं में बदलाव की अधिसूचना वायरल होने के बाद विधानसभा में शून्यकाल में बरोदा से कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने गोहाना, भाजपा विधायक योगेंद्र राणा ने असंध और इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल ने डबवाली को जिला बनाने की मांग उठाई। इस पर मुख्यमंत्री और अन्य विधायकों की उपस्थिति में चर्चा हुई।
