26/11 की रात ताज में मौजूद थी यह महिला, ‘धुरंधर’ का यह सीन देखकर कांप उठी, बताया क्यों है खास
मुंबई में 26/11 के आतंकवादी हमलों की भयावह यादें आज भी लोगों के जेहन में ताजा हैं। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर’ ने इन यादों को एक बार फिर से ताजा कर दिया है। 26/11 के हमले में ताज होटल में मौजूद रहीं राजिता बग्गा ने फिल्म देखने के बाद अपनी प्रतिक्रिया साझा की है। राजिता ने बताया कि वह उस रात अपने पति अजय बग्गा के साथ होटल में थीं और 14 घंटे तक फंसे रहने के बाद उन्हें बचाया गया था।
राजिता बग्गा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी आपबीती और फिल्म के अनुभव को साझा किया। उन्होंने लिखा, “मैं 26/11 की रात अपने पति @Ajay_Bagga के साथ ताज होटल में थी। हम सौभाग्यशाली थे कि उस जघन्य आतंकवादी हमले में बच गए और 14 घंटे बाद हमें जिंदा निकाला गया।” उन्होंने बताया कि फिल्म में एक खास सीन ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया।
राजिता के अनुसार, फिल्म में एक ‘लाल स्क्रीन’ वाला दृश्य था, जिसमें आतंकवादियों और उनके हैंडलर्स की वास्तविक आवाज रिकॉर्डिंग चलाई गई थी। उन्होंने लिखा, “मेरे लिए ‘धुरंधर’ का सबसे भयावह सीन वह लाल स्क्रीन थी, जहां 26/11 के आतंकवादियों और उनके हैंडलर्स की वास्तविक आवाज रिकॉर्डिंग चलाई गई थी। यह सुनकर कि हैंडलर्स आतंकवादियों को क्या निर्देश दे रहे थे, कितना क्रूर, अमानवीय और घिनौना था – मेरे शरीर में सिहरन दौड़ गई।”
उन्होंने आगे कहा कि इस दृश्य को दूसरे पक्ष से देखना, जहां हैंडलर्स हर बम फटने और हर व्यक्ति के मारे जाने पर जश्न मना रहे थे, “अगर यह हमें क्रोध से नहीं भरता है और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति नई प्रतिबद्धता नहीं जगाता है, तो और क्या करेगा?” राजिता ने बताया कि 17 साल बीत जाने के बाद भी 26/11 की यादें उनके मन में ताजा हैं। उन्होंने लिखा, “17 साल बीत चुके हैं, लेकिन जो हुआ और जो हमारे साथ हो सकता था, उसकी यादें मुझे अंदर तक हिला गईं। यह दिल दहला देने वाला और दर्दनाक है।”
राजिता बग्गा ने फिल्म के निर्माताओं की सराहना करते हुए कहा, “‘धुरंधर’ और इसके निर्माताओं @AdityaDharFilms को बहुत श्रेय जाता है कि उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि पूरी नई पीढ़ी को सिर्फ उन 2-3 मिनट में समझ आ जाए कि 26/11 को वास्तव में क्या हुआ था।” फिल्म ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और आर माधवन जैसे कलाकार हैं और यह बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है।
मच गया हंगामा! कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की ‘तू मेरी मैं तेरा’ का ट्रेलर कल होगा रिलीज
कुमार सानू ने पूर्व पत्नी रीता भट्टाचार्य पर ठोका मानहानि का मुकदमा, मांगे 30 लाख रुपये
रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाल, ‘बड़े साब’ की मिस्ट्री ने बढ़ाया सस्पेंस
Dhurandhar के ‘दर्दनाक’ सीन को देखकर 26/11 के survivor की रूह कांप उठी, आदित्य धर ने दिया भावुक जवाब
Himesh Reshammiya के साथ काम कर चुकी हैं ये रूसी एक्ट्रेस, बॉलीवुड में बना रही हैं अपनी जगह!
बॉलीवुड में छाईं पहली रूसी एक्ट्रेस Leysan Karimova, Himesh Reshammiya के साथ किया काम, जानें कौन हैं ये
26/11 हमले की पीड़िता ने देखी ‘धुरंधर’, ‘रेड स्क्रीन’ सीन पर दिया ऐसा रिएक्शन कि रोंगटे खड़े हो जाएंगे
