UP परिवहन निगम में 6500 पदों पर होगी भर्ती, मंत्री ने दी जानकारी
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UP Transport Corporation) जल्द ही 6500 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मंगलवार को घोषणा की कि निगम में 3060 चालकों और 3614 परिचालकों की भर्ती की जाएगी। यह भर्ती संविदा और आउटसोर्सिंग के आधार पर होगी, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य में बस सेवाओं को बेहतर बनाना है।
मंत्री ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया इसी महीने के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। चालकों को संविदा पर रखा जाएगा, जबकि परिचालकों की भर्ती आउटसोर्सिंग के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भर्ती के लिए एजेंसी का चयन अगले सप्ताह तक पूरा कर लिया जाए।
समीक्षा बैठक के दौरान परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को बसों के संचालन में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बसों के संचालन में कमी या आय में गिरावट पाई जाती है, वहां के क्षेत्रीय प्रबंधकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मंत्री ने बजट के शत-प्रतिशत उपयोग और नई बसों की खरीद प्रक्रिया को तेज करने पर भी जोर दिया, ताकि जनता को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
