UP में 106 संपत्तियों की नीलामी पर लटकी तलवार, गृह मंत्रालय की जांच में गड़बड़ी मिली तो रद्द होगी डील
लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में 106 संपत्तियों की नीलामी में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद गृह मंत्रालय की टीम उनका मूल्यांकन कर रही है। अगर कहीं पर भी संपत्ति के मूल्यांकन में किसी तरह की गड़बड़ी पाई गई तो नीलामी रद कर दी जाएगी। गृह मंत्रालय के ऑडिटर प्रदेश के 27 जिलों में रेंडम आधार पर मूल्यांकन में लगे हैं। यूपी के शत्रु संपत्ति संरक्षक कार्यालय के अधिकारियों का कहना है कि गृह मंत्रालय की टीमें मूल्यांकन कर रही हैं अगर किसी तरह की खामी मिलती है तो फिर से नीलामी कराई जाएगी।
गृह मंत्रालय ने गत वर्ष शत्रु संपत्तियों की नीलामी करने की अधिसूचना जारी की थी। इसके तहत निष्प्रयोज्य, खेतिहर जमीनों के साथ ही व्यावसायिक संपत्तियां भी नीलाम की जा रही हैं। अभी इसके दायरे में राजा महमूदाबाद की शत्रु संपत्तियों को नहीं रखा गया है क्योंकि शत्रु संपत्ति अधिनियम के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में केस चल रहा है जिस पर कोर्ट ने राजा की संपत्तियों से छेड़छाड़ नहीं करने का आदेश दे रखा है।
सूत्राें का कहना है कि शिकायत है कि कुछ सर्वेयर द्वारा नीलामी में संपत्तियों का मूल्यांकन कम आंका गया इस आधार पर सरकार को राजस्व का करोड़ों का नुकसान हुआ। देश भर में करीब 13 हजार शत्रु संपत्तियां घोषित सरकार की कस्टडी में हैं जिनमें राजा महमूदाबाद की 980 संपत्तियां भी शामिल हैं। सरकार इन संपत्तियों की बिक्री कर अपना खजाना भर रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पिछले वर्ष ही इस संंबंध में अधिसूचना जारी की थी जिसके अनुसार ग्रामीण क्षेत्र में मौजूद शत्रु संपत्तियां जिनका मूल्य एक करोड़ से कम हो और शहरी क्षेत्र में पांच करोड़ रुपये तक हो उसकी खरीद का प्रस्ताव सबसे पहले कब्जेदार को देना होगा। अगर कब्जेदार संपत्ति खरीदने में असमर्थ है तो शत्रु संपत्ति का निपटारा निविदा आमंत्रित करके या नीलामी से किया जाएगा।
1947 से 1962 के बीच पाकिस्तान और चीन की नागरिकता लेने वाले लोगों की यहां छूट गई संपत्तियों को शत्रु संपत्ति माना गया। सरकार ने शत्रु संपत्तियों को गृह मंत्रालय के अधीन शत्रु संपत्ति संरक्षक को सौंप दिया। 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद शत्रु संपत्ति अधिनियम को 1968 में लागू किया गया था, जो ऐसी संपत्तियों को विनियमित करता है और इसमें संरक्षक की शक्तियां भी बताई गईं। लखनऊ में करीब दो सौ शत्रु संपत्तियां चिन्हित हैं। इसमें 125 से ज्यादा शत्रु संपत्तियां अकेले सदर तहसील में हैं। इसके अलावा मलिहाबाद में नौ, 29 मोहनलालगंज और शेष बीकेटी व सरोजनी नगर तहसील क्षेत्र में हैं।
लखनऊ की बेकरी में भीषण आग, LPG सिलेंडर फटने से मची अफरा अफरा-तफरी
निष्प्रयोज्य औद्योगिक भूमि पर उद्योग लगाने की राह खुली, यूपी सरकार ला रही ‘बाई बैक नीति’
UP में वोटर लिस्ट अपडेट की आखिरी तारीख बढ़ी, 82% मतदाताओं ने जमा किए गणना प्रपत्र
लखनऊ की सड़कों पर ‘कन्फ्यूजन’ वाले साइन बोर्ड, लोग बोले- ‘समझना मुश्किल, आसान भाषा का इस्तेमाल हो’
रेलवे का बड़ा फैसला: ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले रेलकर्मी के परिवार को मिला 1 करोड़ का मुआवजा
यूपी की जेलों में जाति-आधारित काम खत्म: योगी सरकार ने जेल मैनुअल में किया बड़ा संशोधन
